हॉकी MP जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में: झारखंड को 2-0 से हराया; 8 अगस्त को ओडिशा से होगा खिताबी मुकाबला

इंदौर। हॉकी मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी झारखंड को 2-0 से हराकर 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 (डिवीजन ए) के फाइनल में जगह बना ली है। तमिलनाडु के कायंबटूर में खेले गए सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश ने शुरू से अंत तक मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।

सेमीफाइनल में दिखा एकतरफा दबदबा
गुरुवार को हुए मुकाबले में मध्य प्रदेश की ओर से फॉरवर्ड राजवीर सिंह और आशिर आदिल खान ने एक-एक गोल किया। झारखंड की टीम पूरे मैच में कोई गोल नहीं कर सकी। मध्य प्रदेश ने आक्रामक खेल के साथ विपक्षी टीम को लगातार दबाव में रखा।
क्वार्टर फाइनल में भी चमके थे राजवीर और आदिल
राजवीर सिंह लगातार दूसरे मुकाबले में टीम के लिए अहम साबित हुए। उन्होंने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी के खिलाफ भी दो गोल दागे थे। उस मुकाबले में मध्य प्रदेश ने 7-2 से शानदार जीत दर्ज की थी। आशिर आदिल खान ने उस मैच में भी एक गोल किया था।

अब ओडिशा से होगी खिताबी भिड़ंत
मध्य प्रदेश की टीम अब 8 अगस्त को खेले जाने वाले फाइनल में हॉकी ओडिशा से भिड़ेगी। टीम की नजर राष्ट्रीय खिताब जीतने पर होगी। लगातार दमदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी काफी ऊंचा है।
मप्र टीम में इंदौर के दो खिलाड़ी
हॉकी मध्य प्रदेश की टीम में इंदौर के दो खिलाड़ी भी शामिल हैं। ताहिर हॉकी सेंटर के विश्वेश सिंह डिफेंस में खेल रहे हैं, जबकि प्रकाश हॉकी क्लब के हर्ष यादव टीम के दूसरे गोलकीपर के रूप में शामिल हैं।
इंदौर में खुशी का माहौल
इंदौर के दो खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर की टीम में शामिल होने से स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। खेल जगत को उम्मीद है कि मध्य प्रदेश की टीम फाइनल में भी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।