| |

मंदसौर में स्पीड ट्रायल के दौरान मालगाड़ी बेपटरी, ट्रायल इंजन से टक्कर; बड़ा हादसा टला

Mandsaur के दलौदा स्टेशन के पास गुरुवार रात रेलवे स्पीड ट्रायल के दौरान बड़ा हादसा टल गया। नीमच-रतलाम रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के बीच परीक्षण के लिए चलाई जा रही मालगाड़ी का एक डिब्बा बेपटरी हो गया और उसी दौरान ट्रायल इंजन से उसकी टक्कर हो गई।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी रेलवे कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और देर रात तक राहत एवं सुधार कार्य चलता रहा।

100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रहा था ट्रायल

जानकारी के अनुसार रेलवे बोर्ड की टीम मंदसौर-दलौदा रेलखंड पर नए ट्रैक का स्पीड ट्रायल कर रही थी। लगभग 14 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर ट्रेन को 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाकर परीक्षण किया जा रहा था।

इसी दौरान दलौदा स्टेशन यार्ड में पटरी बदलते समय मालगाड़ी के कुछ डिब्बों के पहिए एक्सल सहित अलग हो गए, जिससे डिब्बे पटरी से उतर गए। एक वैगन अप लाइन की ओर झुक गया और दूसरी लाइन से गुजर रहे ट्रायल इंजन से उसकी टक्कर हो गई।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है।

देर रात तक चला रेस्क्यू और ट्रैक सुधार कार्य

घटना के बाद कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया। रेलवे की तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर बेपटरी डिब्बों को हटाने और ट्रैक दुरुस्त करने का काम शुरू किया।

रतलाम मंडल के पीआरओ मुकेश कुमार के मुताबिक रात करीब 1:30 बजे डिरेल हुए डिब्बों को अलग कर ट्रैक को बहाल कर दिया गया। इसके बाद रेल यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

फाटक बंद रहने से लोगों को परेशानी

हादसे के बाद दलौदा रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहा, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सीतामऊ और दलौदा के बीच यातायात प्रभावित रहा और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जून तक शुरू हो सकता है दोहरीकरण ट्रैक

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नीमच-रतलाम के बीच 133 किलोमीटर लंबे दोहरीकरण प्रोजेक्ट का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जून 2026 तक इस ट्रैक पर नियमित रेल संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

हाल ही में रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास द्वारा निरीक्षण के बाद इस रेलखंड पर ट्रायल रन शुरू किया गया था।

फिलहाल दोहरीकरण कार्य के चलते कुछ ट्रेनें नीमच तक ही सीमित हैं और मंदसौर-नीमच रेलखंड पर उनका संचालन अस्थायी रूप से बंद रखा गया है।

Share

Similar Posts