|

मामाबोका फार्म में चल रही शराब पार्टी पर पुलिस का छापा; 200 से अधिक युवक-युवतियां मिले: संचालक पर मामला दर्ज

इंदौर के क्षिप्रा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने एक रिसोर्ट पर छापामार कार्रवाई कर अवैध रूप से संचालित हो रही शराब पार्टी में मौके पर 200 से अधिक युवक-युवतियां मौजूद मिले, जिनमें से अधिकांश शराब के नशे में थे। पुलिस ने पार्टी संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार क्षिप्रा थाना क्षेत्र के लसुडिया परमार स्थित मामाबोका फार्म पर देर रात बड़े स्तर पर पार्टी आयोजित की गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापे के दौरान बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी में शामिल मिले। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रिसोर्ट में ठहरे लोगों की नियमानुसार रजिस्टर में एंट्री नहीं की गई थी। वहीं रिसोर्ट के सभी कमरे युवक-युवतियों से भरे हुए थे।

पुलिस ने मामले में पार्टी संचालक विवेक उर्फ गोलू पिता विष्णु पटेल, निवासी ग्राम डकाच्या के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पार्टी के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं तथा शराब परोसने से संबंधित नियमों का पालन किया गया था या नहीं।


पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक की सूचना होने पर क्षिप्रा थाना पुलिस ने देर रात रिसोर्ट पर छापा मारा था। हालांकि कार्रवाई के दौरान मिले युवक-युवतियों के खिलाफ पुलिस कोई ठोस वैधानिक कार्रवाई नहीं कर सकी। अधिकांश के नशे की हालत में होने के बावजूद आवश्यक कानूनी आधार नहीं मिलने पर उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रिसोर्ट के संचालन, पार्टी आयोजक, युवक युवतियों की एंट्री नहीं किए जाने और अन्य नियमों के उल्लंघन के बिंदुओं पर भी जांच जारी है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share