महू में निकाली जिंदा व्यक्ति की शव यात्रा: निभाई पुरानी परंपरा; कम बारिश से बढ़ी चिंता

महू। बारिश का इंतजार कर रहे महू क्षेत्र के गांव गवली पलासिया में ग्रामीणों ने अनोखी परंपरा निभाई। गांव में पर्याप्त बारिश नहीं होने पर ग्रामीणों ने ‘जिंदा शव यात्रा’ निकाली।
ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह की परंपरा निभाने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है। ग्रामीणों ने परंपरा के अनुसार एक व्यक्ति को शव की तरह अर्थी पर लिटाया।
यात्रा के दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। गांव की गलियों से होते हुए यह यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने बारिश के लिए प्रार्थना भी की।
क्या है मान्यता
गांव के बुजुर्गों के अनुसार यह परंपरा काफी पुरानी है। जब लंबे समय तक बारिश नहीं होती और खेतों में फसलों को पानी की जरूरत होती है, तब ग्रामीण इस तरह का आयोजन करते हैं। मान्यता है कि जिंदा व्यक्ति की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और बारिश होती है।
किसानों को बारिश का इंतजार
बारिश नहीं होने से क्षेत्र के किसान भी चिंतित हैं। खरीफ की फसलों के लिए पर्याप्त बारिश जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश नहीं हुई तो फसलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। इसी उम्मीद के साथ ग्रामीणों ने परंपरा निभाकर जल्द अच्छी बारिश की कामना की।