खातेगांव में टोल को लेकर नगर बंद-चक्काजाम: स्थानीय वाहनों को छूट की मांग; NHAI ने टोल एजेंसी को दी कार्रवाई की चेतावनी

खातेगांव। स्थानीय वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करने की मांग को लेकर खातेगांव में विरोध प्रदर्शन के बाद मामला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के बीच उलझता नजर आ रहा है। नागरिकों ने बुधवार को नगर बंद रखकर स्थानीय टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया और चक्काजाम किया। बाद में SDM के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
खातेगांव को टोल टैक्स से मुक्त करने को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के बीच उलझता नजर आ रहा है। कई लोगों ने बुधवार को नगर बंद रखकर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। साथी ही गांव के लोगों ने चक्काजाम भी किया। एसडीएम के आश्वासन देने के बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
इसी बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, हरदा की ओर से टोल संचालन एजेंसी को जारी किया गया एक शासकीय पत्र सामने आया है। इसमें स्थानीय वाहनों को नियमों के विपरीत टोल छूट देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

NHAI ने टोल एजेंसी को दिए सख्त निर्देश
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, हरदा के परियोजना निदेशक मनीष कुमार मीणा ने टोल संचालन एजेंसी एविएशन बाबा एयरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को निर्देश जारी किए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि केवल स्थानीय होने के आधार पर किसी वाहन को मनमाने तरीके से टोल से छूट नहीं दी जा सकती।
NHAI ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, 2008 और संबंधित अनुबंध में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ही किसी वाहन को टोल छूट दी जा सकती है।
![]()
बिना शुल्क भुगतान वाहन निकालना नियमों का उल्लंघन
पत्र में कहा गया है कि बिना उपयोगकर्ता शुल्क का भुगतान कराए वाहनों को टोल प्लाजा से निकालना या निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार करना गंभीर अनियमितता और अनुबंध का उल्लंघन माना जाएगा।
NHAI ने टोल संचालन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, फास्टैग और लेनवार लेन-देन रिकॉर्ड की समय-समय पर जांच करने की बात कही है। किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित टोल एजेंसी की होगी।
जुर्माने से लेकर अनुबंध रद्द करने तक की चेतावनी
NHAI ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टोल एजेंसी के खिलाफ जुर्माना, राशि की वसूली और अनुबंध रद्द करने जैसी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस पत्र की प्रतिलिपि देवास कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अधिकारी भोपाल और एसडीएम खातेगांव को भी सूचना एवं आवश्यक अनुपालन के लिए भेजी गई है।
जनता की मांग और NHAI के नियम आमने-सामने
एक ओर खातेगांव के नागरिक स्थानीय वाहनों को टोल से मुक्त करने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एनएचएआई ने नियमों के अनुसार ही टोल छूट देने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम के आश्वासन के बाद फिलहाल चक्काजाम समाप्त हो गया है।
अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और स्थानीय वाहनों को टोल से राहत दिलाने के संभावित समाधान पर है।
