कश्मीर रेल कॉरिडोर पर दोहरीकरण की तैयारी, क्षमता बढ़ाने का बड़ा ऐलान: रेल मंत्री

जम्मू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कश्मीर रेल कॉरिडोर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-श्रीनगर रेल मार्ग पर पटरियों का दोहरीकरण किया जाएगा, जिससे इस रूट की क्षमता बढ़ेगी और अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।
रेल मंत्री ने कहा कि सुरक्षा और रखरखाव रेलवे की प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काजीगुंड से अरिनगर सेक्शन तक दोहरीकरण की योजना पर काम किया जाएगा, जिससे इस महत्वपूर्ण रूट पर यातायात सुगम और तेज हो सके।
इस मौके पर उन्होंने बताया कि इस रेल मार्ग से माल परिवहन में भी बड़ा फायदा हुआ है। कश्मीर से अब तक लगभग 2 करोड़ किलोग्राम सेब का परिवहन दिल्ली सहित अन्य राज्यों तक किया गया है। वहीं चेरी जैसे फलों के लिए भी विशेष बोगियों की व्यवस्था की गई है।
वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि जम्मू-कटरा-श्रीनगर रूट पर चल रही ट्रेन को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और इसकी सीटें लगातार फुल रहती हैं। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक तकनीक के कारण यह ट्रेन -10 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी सुचारू रूप से चल सकती है।
रेल मंत्री के अनुसार, इस ट्रेन में हजारों माइक्रोचिप्स और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे इसकी सुरक्षा और प्रदर्शन बेहतर हुआ है। अब तक लाखों यात्री इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं और इसकी क्षमता बढ़ाने का निर्णय यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कश्मीर रेल कनेक्टिविटी को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना।






