| |

कर्नाटक में बारिश का कहर, तेज आंधी-बिजली से छह लोगों की मौत; कई जिलों में भारी नुकसान

कर्नाटक में गुरुवार देर रात हुई भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के विभिन्न जिलों में हुए हादसों में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में मकान क्षतिग्रस्त हुए, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए तथा जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

सबसे बड़ा हादसा विजयपुर जिले के आलमेल तालुक के मोरगटी गांव में हुआ, जहां तेज बारिश और आंधी के चलते एक मकान की छत और दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुरुनाथ बडिगेर (35), उनकी पत्नी ज्योति बडिगेर (28), बेटी कालम्मा (13) और कीर्ति (9) के रूप में हुई है।

इसके अलावा विजयपुर जिले के मुद्देबिहाल तालुक के बिदरकुंदी गांव में तेज हवा के दौरान विशाल पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई। वहीं दावणगेरे जिले के जरेकट्टे गांव में खेत में भेड़ चरा रहे 19 वर्षीय युवक अजीत की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।

बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य के कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। बेलगावी जिले के खानापुर तालुक में एक स्कूल की छत उड़ गई, जबकि अथणी तालुक के संबरगी गांव में पांच मकानों की छतें गिरने से अनाज और घरेलू सामान बर्बाद हो गया।

हावेरी जिले के इजारिलकमापुर में घुमंतू समुदाय की झोपड़ियां तेज हवा में उड़ गईं। वहीं चिक्कमगलूर-श्रृंगेरी राज्य राजमार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल और होन्नावर क्षेत्रों में भी भारी बारिश और गरज-चमक के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

इस बीच India Meteorological Department ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। **Bengaluru> शहरी और ग्रामीण, चित्रदुर्ग, कोलार और चिक्कबल्लापुर समेत दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Share