‘कांग्रेस में वही परफेक्ट जो अपने नेता को जूता लगाए’: विजयवर्गीय बोले- संकट में नेतृत्व; जीतू पटवारी के घर हुआ था विवाद

इंदौर। ‘कांग्रेस का वही नेता परफेक्ट है जो अपने नेता को जूते मारे। क्योंकि कांग्रेस का यही चरित्र है। इसमें कोई नई बात नहीं है।’
ये बयान मंत्री कैलाश विजयवर्गी ने इंदौर में पौधारोपण के दौरान दिया है। दरअसल, शनिवार को PCC चीफ जीतू पटवारी के घर पर संगठन की बैठक हुई। चर्चा के दौरान संगठन और जिम्मेदारियों को लेकर विवाद हुआ। जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।
इसी हंगामें को लेकर जब मीडियाकर्मियों ने विजयवर्गीय से सवाल किया तो उन्होंने कहा- ऐसी घटना से और गुटबाजी से कांग्रेस का नेतृत्व संकट पर समझ आ रहा है।
बैठक में ये नेता हुए थे शामिल
बैठक में विधानसभा प्रभारी पिंटू जोशी, अमन बजाज, दीपू यादव, राजू भदोरिया, शैलेष गर्ग और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे मौजूद थे। इनका कहना है कि पूरा विवाद संगठनात्मक निर्णयों को लेकर हुआ था। आपस में बहस होते-होते बात अभद्र भाषा तक पहुंच गई। फिर जीतू पटवारी को बीच-बचाव करना पड़ा।

कांग्रेस सार्वजनिक करे CCTV
भाजपा प्रवक्ता राकेश सिंह यादव का कहना है कि बैठक स्थल पर CCTV लगे रहे होंगे। घटना की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करना चाहिए। यदि आरोप गलत हैं तो कांग्रेस को खंडन भी करना चाहिए।
‘सेल्फ डिफेंस किट’ पहन के जाएं
राकेश सिंह ने कांग्रेसियों को कहा- अपने प्रदेश अध्यक्ष से मिलने से पहले हेलमेट पहन लेना। बिना सुरक्षा के गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो जाएगा। बिना ‘सेल्फ डिफेंस किट’ पहने बिल्कुल न जाएं।