झाबुआ में जन्माष्टमी पर 15 KM की दंडवत यात्रा: रामदेवरा के दर्शन के लिए निकले 24 श्रद्धालु; चार किमी की यात्रा पूरी

झाबुआ। ईश्वर के प्रति आस्था और विश्वास की अनोखी तस्वीर झाबुआ जिले के मेघनगर विकासखंड से सामने आई है। गांव बेड़ावली निवासी बहादुर मचार ने बाबा रामदेवरा के दर्शन के लिए दंडवत प्रणाम करते हुए यात्रा करने का संकल्प लिया है। 15 किलोमीटर की दूरी दंडवत प्रणाम करते हुए तय करेंगे।
जन्माष्टमी पर 24 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ बाबा रामदेवरा के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। हालांकि, उनकी यात्रा सामान्य तरीके से नहीं है। वे अपने गांव बेड़ावली से करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित फुटतालाब हनुमान मंदिर तक दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचे।
फुटतालाब हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद बहादुर ट्रेन के माध्यम से राजस्थान स्थित रामदेवरा के लिए रवाना होंगे। यहां पहुंचने के बाद भी उनका संकल्प जारी रहेगा। वे रामदेवरा रेलवे स्टेशन से मंदिर परिसर तक की दूरी भी दंडवत प्रणाम करते हुए तय करेंगे।

15 किमी की दूरी तय करने का संकल्प
श्रद्धालुओं के अनुसार, बहादुर की दंडवत यात्रा की कुल दूरी 15 किलोमीटर रहेगी। गांव से फुटतालाब हनुमान मंदिर तक 4 किलोमीटर की दूरी वे तय कर चुके हैं। इसके बाद रामदेवरा पहुंचकर रेलवे स्टेशन से मंदिर परिसर तक दंडवत प्रणाम करेंगे।
बहादुर की इस अनोखी भक्ति को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ भी जुट रही है। कठिन शारीरिक प्रयास के बावजूद वे बाबा रामदेवरा के प्रति अपनी आस्था और संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं।