|

जनता की समस्याओं पर फोकस: पीथमपुर में लगा विशेष शिविर; CMO ने वार्ड का किया निरीक्षण

पीथमपुर। नगर पालिका परिषद पीथमपुर ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम खेड़ा में विशेष शिविर लगाया। शिविर में लोगों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के आवेदन लिए गए और स्थानीय समस्याओं को सुना गया। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क, नाली और अवैध निर्माण से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।

लोगों से सीधा संवाद कर सुनी समस्याएं
मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरती गरवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं के निराकरण के साथ आम जनता से सीधा संवाद किया जा रहा है, ताकि भविष्य की विकास योजनाएं लोगों की जरूरतों के अनुसार बनाई जा सकें।

अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दिए प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश
शिविर में वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी और स्कूल का औचक निरीक्षण
शिविर के दौरान सीएमओ आरती गरवाल ने स्थानीय पार्षदों और अधिकारियों की टीम के साथ पूरे वार्ड का निरीक्षण किया। इसके अलावा पास के आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूल का भी औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के कड़े निर्देश दिए। शिविर में जोन प्रभारी, इंजीनियर, स्वास्थ्यकर्मी, राजस्व अधिकारी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share