|

जबलपुर में आज से तीन दिवसीय कृषि मेला और श्री अन्न फूड फेस्टिवल शुरू, आधुनिक कृषि यंत्रों की लगेगी प्रदर्शनी

मध्य प्रदेश में इस वर्ष मनाए जा रहे कृषि वर्ष के अंतर्गत जबलपुर में आज से तीन दिवसीय ‘कृषि मेला एवं श्री अन्न फूड फेस्टिवल’ का आयोजन शुरू हो रहा है। यह आयोजन पुलिस लाइन स्थित हॉकी ग्राउंड में किया जा रहा है, जहां किसानों और आम नागरिकों के लिए कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मोटे अनाज (मिलेट्स) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराना है।

आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी

कृषि मेले में आधुनिक कृषि यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे किसानों को नई तकनीकों और मशीनों की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही किसान संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ किसानों को खेती की नई तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी देंगे।

मिलेट्स और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी

कृषि उप संचालक डॉ. एस.के. निगम के अनुसार मेले में श्री अन्न (मिलेट्स) से बने उत्पादों और शुद्ध जैविक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी और बिक्री भी की जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों को मोटे अनाज के पोषण मूल्य और स्वास्थ्य लाभ के प्रति जागरूक करना है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

मेले में प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया जाएगा, जिससे यह आयोजन किसानों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

यह कृषि मेला एवं श्री अन्न फूड फेस्टिवल 13 मार्च तक चलेगा। कृषि विभाग ने किसानों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कृषि संबंधी नई जानकारी प्राप्त करने और श्री अन्न से बने व्यंजनों का आनंद लेने की अपील की है।

Share

Similar Posts