आईपीएल 2026: डेब्यू मैच में चमके डीसी के माधव तिवारी, बोले- “मैं 100% गेंदबाज और 100% बल्लेबाज हूं”

आईपीएल 2026 में सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 22 वर्षीय माधव तिवारी ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाते हुए दिल्ली को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 3 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। टीम की ओर से प्रियांश आर्य ने 33 गेंदों में 56 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि दिल्ली के युवा गेंदबाज माधव तिवारी ने उन्हें आउट कर पंजाब को बड़ा झटका दिया। माधव ने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उन्होंने कूपर कोनोली को भी अपनी धीमी बाउंसर पर पवेलियन भेजा।

मैच के बाद माधव तिवारी ने कहा, “सबसे पहले मैं टीम मैनेजमेंट का धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया। जब चीजें आपके हाथ में नहीं होतीं, तब आपको हर प्रैक्टिस सेशन में खुद को बेहतर बनाना पड़ता है।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल के साथ अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी कोच इयान बेल के साथ रेंज-हिटिंग पर कड़ी मेहनत की। माधव ने आत्मविश्वास से कहा, “मैं खुद को 100 प्रतिशत गेंदबाज और 100 प्रतिशत बल्लेबाज मानता हूं।”

211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

वहीं माधव तिवारी ने बल्लेबाजी में भी अहम योगदान देते हुए सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। उनकी तेज पारी में दो चौके और एक छक्का शामिल रहा, जिसने दिल्ली की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

यह जीत कई मायनों में खास रही, क्योंकि धर्मशाला के मैदान पर यह किसी भी टीम द्वारा किया गया सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को भी बरकरार रखा है

Share

Similar Posts