| |

इंदौर में थाली बजाते निगम कार्यालय पहुंचे AAP कार्यकर्ता: कहां-गड्ढे भरो, जान बचाओ; करोड़ों की मशीनें कहां हैं

इंदौर । शहर की बदहाल सड़कों और जानलेवा गड्ढों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) इंदौर ने गुरुवार को ‘गड्ढे भरो, जान बचाओ’ आंदोलन शुरू किया। आंदोलन की शुरुआत देवी अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद हाल ही में सड़क के गड्ढों के कारण हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा।

श्रद्धांजलि के बाद निगम कार्यालय तक निकली पदयात्रा
कार्यकर्ताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद पदयात्रा करते हुए नगर निगम कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने थाली और तसले बजाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और शहर की सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने की मांग की।

‘करोड़ों की मशीनें आखिर कहां हैं?’
AAP ने नगर निगम प्रशासन से सवाल किया कि गड्ढे भरने के लिए करोड़ों रुपए की मशीनें खरीदी गई थीं, लेकिन उनका इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है। पार्टी ने मांग की कि मशीनों की संख्या, उनकी खरीद लागत और वर्तमान लोकेशन सार्वजनिक की जाए।

प्रदेश संगठन मंत्री अनुराग यादव ने कहा कि नगर निगम को जनता के सामने जवाब देना होगा कि गड्ढे भरने के लिए खरीदी गई मशीनें कहां हैं। यदि मशीनें मौजूद हैं तो उनका इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा, यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।

AAP की 7 प्रमुख मांगें

शहर के सभी जानलेवा गड्ढे तत्काल भरे जाएं।
गड्ढे भरने वाली मशीनों की संख्या, खरीद लागत और वर्तमान लोकेशन सार्वजनिक की जाए।
मशीनों से अब तक भरे गए गड्ढों का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए।
गड्ढों के कारण हुई मौत के मामलों में पीड़ित परिवारों को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए।
हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए।
सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए।
गड्ढे भरने और सड़क मरम्मत पर नगर निगम द्वारा किए गए खर्च का पूरा हिसाब जनता के सामने रखा जाए।
विधानसभा स्तर तक चलेगा आंदोलन

‘जनता को गड्ढों से मुक्ति चाहिए, सिर्फ दावे नहीं’
जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि इंदौर की जनता को गड्ढों से मुक्ति चाहिए, सिर्फ दावे नहीं। उन्होंने कहा कि गड्ढों के कारण हुई मौतें गंभीर और चिंताजनक हैं।

नगर निगम कमिश्नर को मशीनों का पूरा हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए और यह भी बताना चाहिए कि अब तक कितने गड्ढे भरे गए हैं। AAP ने कहा कि ‘गड्ढे भरो, जान बचाओ’ आंदोलन केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं है। आने वाले दिनों में विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में गड्ढों की समस्या उठाएंगे और नगर निगम प्रशासन से जवाब मांगेंगे।

Share