| | |

इंदौर में SSC की तैयारी कर रहे स्टूडेंट ने लगाई फांसी: 15 दिन पहले आया था घर से वापस; दोस्त बोला पढ़ाई में नहीं लग रहा था उसका मन

इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने सोमवार रात किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब उसके दो साथी कोचिंग से लौटकर कमरे पर पहुंचे। छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रियांश (18) पुत्र अजीत कौरव, निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी, जिला नरसिंहगढ़-गाडरवाड़ा के रूप में हुई है। वह एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए करीब 15 दिन पहले इंदौर आया था और भंवरकुआ क्षेत्र में अपने तीन दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।

कोचिंग से लौटे दोस्त ,फांसी पर लटका मिला प्रियांश
दोस्त शिवम ने बताया कि सोमवार शाम वह और एक अन्य साथी कोचिंग गए थे। करीब आधे घंटे पहले उनका तीसरा दोस्त भी किसी परिचित से मिलने के लिए कमरे से निकल गया था। उस समय प्रियांश कमरे में अकेला था।

जब दोनों वापस लौटे तो वह फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था, घर लौटना चाहता था
दोस्तों के मुताबिक प्रियांश को इंदौर आए करीब 15 दिन ही हुए थे। वह एसएससी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग में डेमो क्लास कर रहा था, लेकिन उसका पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। उसने अपने माता-पिता से फोन पर बात कर घर लौटने की इच्छा भी जताई थी। परिजनों ने उसे वापस आने के लिए कह दिया था, लेकिन इससे पहले ही उसने यह कदम उठा लिया।

किसान परिवार से था, नहीं मिला सुसाइड नोट
प्रियांश के परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है, जो भोपाल में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता किसान हैं। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल भंवरकुआ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share