| |

इंदौर में आज नीट परीक्षा: 57 केंद्रों पर 23,160 छात्र, बसों से पहुंचेगे परीक्षार्थी

इंदौर में रविवार को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23,160 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है। AICTSL की बसें सुबह 9 बजे से शहर के प्रमुख बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी। इन बसों के लिए चार अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, जिनमें सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम और महू शामिल हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से बसों के माध्यम से वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

सुरक्षा के लिहाज से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है, जबकि पांच प्रमुख केंद्रों पर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर जैसी विशेष सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

इसके अलावा, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर जनरेटर की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए केंद्रों के बाहर टेंट और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि उड़नदस्ते लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

नीट परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर की गई इन तैयारियों से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि सभी परीक्षार्थी सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में अपनी परीक्षा दे सकें।

Share

Similar Posts