इंदौर के एमवाय अस्पताल में बड़ी लापरवाही: महिला मरीज को चढ़ाई गई एक्सपायरी सलाइन, मंत्री विजयवर्गीय ने जांच के आदेश दिए

इंदौर के एमवाय अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में भर्ती रौशनी नाम की महिला को एक्सपायरी डेट की सलाइन चढ़ा दी गई। महिला के पति ने जब सलाइन बोतल पर तारीख देखी तो वह हैरान रह गया। उसने तुरंत इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अस्पताल स्टाफ पर आरोप है कि उनकी लापरवाही के कारण मरीज की जान को खतरा हो सकता था।
महिला के पति ने स्टाफ को शिकायत करते हुए कहा कि एक्सपायरी डेट गुजर जाने के बाद भी सलाइन चढ़ाई गई। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने अपनी गलती मानने से इनकार किया है। अस्पताल के अधीक्षक ने बयान जारी कर बताया कि सलाइन की एक्सपायरी डेट अगस्त 2025 थी और स्टाफ ने समय रहते बोतल हटा ली थी। उनका कहना है कि बोतल हटाने के बाद वीडियो बनाकर वायरल किया गया, जिससे गलतफहमी पैदा हुई।
इस मामले ने राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वायरल वीडियो पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा कि यदि मरीज के इलाज में इस तरह की लापरवाही हुई है, तो इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एमवाय अस्पताल में लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में चूहों द्वारा कुतरने से दो नवजात बच्चों की मौत का मामला भी सुर्खियों में रहा था। लगातार बढ़ते इन घटनाक्रमों से प्रश्न खड़े हो रहे हैं कि आखिर अस्पताल प्रबंधन कब तक ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाएगा और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।






