| |

इंदौर में मोमोज में रेंगती हुई इल्लियां मिलीं: फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी मिलीं; ग्राहक ने खाद्य विभाग में शिकायत की

इंदौर। शहर में सी-21 मॉल के पीछे स्थित वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज में इल्लियां मिलने का आरोप लगे है। ग्राहकों ने मामले की शिकायत खाद्य विभाग से करते हुए रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे कुछ ग्राहक सी-21 मॉल के पीछे डायमेंशन फर्निचर के सामने स्थित वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज खाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें मोमोज में इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं। ग्राहकों ने इसकी जानकारी रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों को दी।

ग्राहक के साथ रेस्टोरेंट संचालक ने की बदतमीजी
ग्राहकों का आरोप है कि उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और कर्मचारी सोनू पाल से मामले की शिकायत की, लेकिन उनके साथ पर बदतमीजी की गई। इसके बाद ग्राहकों ने रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट की जांच की। शिकायत में दावा किया गया है कि बास्केट में रखे अन्य मोमोज में भी इल्लियां रेंगती हुई मिलीं।

मामले को लेकर ग्राहकों ने खाद्य विभाग को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में इसे लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए रेस्टोरेंट के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के साथ फोटो, वीडियो और रेस्टोरेंट की लोकेशन भी उपलब्ध कराई गई है।

कैफे संचालक ने दी सफाई
कैफे संचालक का कहना है कि मोमोज की कार्ट उन्होंने किराये पर दे रखी है। उनके मुताबिक, वहां सामान रखने वाला कर्मचारी उस दिन मौजूद नहीं था। संचालक ने बताया कि मोमोज में इल्ली मिलने की जानकारी उन्हें दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने संबंधित कर्मचारी को डांटकर वहां से हटा दिया।

संचालक ने यह भी कहा कि कर्मचारियों को ग्राहकों, खासकर महिलाओं से सलीके से बात करने के लिए समझाया गया है। उन्होंने मामले से जुड़े फोटो और वीडियो देखने की बात भी कही है। अब खाद्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोमोज में इल्लियां कैसे पहुंचीं और खाद्य सामग्री के रखरखाव में किस स्तर पर लापरवाही हुई।

 

Share