| | |

इंदौर से महेश्वर घूमने गया युवक नर्मदा नदी में बहा: पत्नी और भाई बना रहे थे वीडियो; देखते-देखते हुआ आंख से ओझल

खरगोन। महेश्वर में एक युवक नर्मदा नदी में बह गया। घटना सहस्त्रधारा घाट की है। वह नहाते समय पानी के तेज बहाव में चला गया। पत्नी और भाई उसके नहाने का वीडियो बना रहे थे।

जब-तक उसको बचा पाते वह आंख से ओझल हो गया। युवक का नाम अर्पित हाड़ा (30) है। वह इंदौर के निपानिया का रहने वाला है। पूरा परिवार रविवार को इंदौर से पिकनिक मनाने महेश्वर गया था।

देखते ही देखते युवक कुछ ही सेकेंड में ओझल हो गया।

पैर फिसलने से हुआ हादसा
पर्यटन स्थल में पिकनिक मनाने के लिए अर्पित के साथ उसके घर के 5 लोग और गए थे। वह पहले सहस्त्रधारा घाट पहुंचे। यहां एक एक करके नहाने के लिए उतरे। अर्पित का नहाते समय पैर फिसल गया। इसके बाद वह गहरे पानी और तेज बहाव में बह गया।सोमवार सुबह 6 बजे से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

पुलिस, होमगार्ड और SDRF ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया
सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस, होमगार्ड, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रविवार देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से नावों और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, हालांकि अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने जोखिमभरे इलाकों में सावधानी बरतने को कहा
पुलिस ने बताया कि सहस्त्रधारा और जलकोटी क्षेत्र में नर्मदा का बहाव काफी तेज है तथा नदी का तल पथरीला और गहरा होने के कारण यह इलाका बेहद जोखिमभरा माना जाता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे चेतावनी वाले क्षेत्रों और गहरे पानी में उतरने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Share