उज्जैन में मकान तोड़ते समय मलबे में दबे 3 मजदूर: महिला समेत दो पुरुष घायल; जिला अस्पताल में भर्ती

उज्जैन। उर्दूपुरा इलाके की रस्सी गली में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुराने मकान को तोड़ने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। इनमें एक महिला और दो पुरुष मजदूर शामिल थे।
दीवार गिरते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को चरक भवन स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां तीनों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उर्दूपुरा की रस्सी गली में कमल सांखला के मकान को नया घर बनाने के लिए डिस्मेंटल किया जा रहा था। इसी दौरान दीवार अचानक मजदूरों के ऊपर गिर गई। हादसे के वक्त मौके पर 6 से 7 मजदूर काम कर रहे थे। मलबे में सुनीता, गोपाल और राजू दब गए। आसपास के लोगों ने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों को आई हल्की चोटे
सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि हादसे में तीन मजदूर घायल हुए हैं। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। महिला को हल्की चोटें आई हैं, जबकि दोनों पुरुष मजदूरों के हाथ-पैर में चोट लगी है। डॉक्टरों ने उनकी जांच के साथ एक्स-रे भी कराया।
फिलहाल तीनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। मजदूरों का कहना है कि वे काम कर रहे थे, तभी बिना किसी चेतावनी के दीवार अचानक गिर गई और यह हादसा हो गया।
स्थानीय निवासी लेकर पहुँचे अस्पताल
हादसे के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि एक मजदूर के हाथ और दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि महिला मजदूर के पैर में चोट आई है। घटना वाली जगह के सामने ही भाटी का घर है। हादसे के समय उनके परिवार और आसपास के लोग मौके पर मौजूद थे।
सभी ने तुरंत मलबा हटाकर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। भाटी ने बताया कि उन्होंने रास्ते में कलेक्टर को सूचना दे दी थी, जिससे अस्पताल पहुंचने से पहले इलाज की व्यवस्था हो गई।