इंदौर में कनाडिया बायपास पर आयशर खड़े वाहन में घुसा: ड्राइवर अंदर फंसा; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

इंदौर। कनाडिया बायपास पर देर रात तेज रफ्तार आयशर वाहन हादसे का शिकार हो गया। आईसर सड़क किनारे खड़े एक वाहन में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आयशर वाहन कनाडिया की ओर से नेमावर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े एक वाहन में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयशर वाहन का ड्राइवर अंदर ही फंस गया।
ड्राइवर का पैर बुरी तरह फंसा
हादसे के बाद ड्राइवर राहुल शर्मा का पैर वाहन में बुरी तरह फंस गया था। वह दर्द से कराहता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही कनाडिया पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही राहत और बचाव टीम को भी बुलाया गया।

काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकाला
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे ड्राइवर को निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद राहुल शर्मा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया।
घायल राहुल शर्मा का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।