इंदौर में गुंडे का आतंक: हॉर्न बजाने पर दंपती की कार पर चढ़ा युवक, शराब की बोतल से तोड़े शीशे
मध्य प्रदेश के इंदौर में गुंडों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बीती रात शहर में गुंडे ने दंपत्ति की कार पर शराब की बोतल से हमला करते हुए कार का शीशा तोड़ दिया। बता दें कि कार सवार द्वारा हॉर्न बजाने पर सड़क पर खड़ा युवक गाड़ी पर चढ़ गया और शीशे फोड़ दिए। इस दौरान कार के अंदर बैठे पति-पत्नी घबराकर चिल्लाने लगे और इसका वीडियो भी बना लिया। दंपती ने इसकी शिकायत रावजी बाजार पुलिस थाने में की है। वीडियो देखकर पुलिस ने कार पर चढ़कर हमला करने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो दंपती ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर भी साझा किया। बनाए गया वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक घटना शहर के पलासिया चौराहे के पास की है। यहां शराब दुकान के करीब से बाबू पंजवानी और उनकी पत्नी कार में जा रहे थे। इस दौरान बीच सड़क पर एक युवक खड़ा हुआ था। बाबू पंजवानी ने उसे हटने के लिए कार का हॉर्न बजाया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।