इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का रजिस्ट्रेशन शुरू: कांग्रेस ने जारी किया QR कोड; 19 सितंबर को होगा आयोजन

इंदौर। राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जारी पोस्टर पर क्यूआर कोड दिया गया है। इच्छुक छात्र और युवा इसे स्कैन कर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
पोस्टर के अनुसार कार्यक्रम 19 सितंबर को शाम 5 बजे से भारत जोड़ो मैदान में होगा। यह मैदान रीजनल पार्क के सामने, राजीव गांधी सर्कल के पास है। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
क्यूआर स्कैन से होगा रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम के पोस्टर पर ‘स्कैन एंड रजिस्टर’ लिखा है। इसके साथ क्यूआर कोड भी दिया गया है। इसके जरिए कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकता है। हालांकि, रजिस्ट्रेशन के बाद प्रवेश की प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी आयोजकों की ओर से स्पष्ट की जाएगी।

छात्रों और युवाओं से शामिल होने की अपील
पोस्टर में छात्रों और युवाओं से अपनी आवाज उठाने के लिए कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। इसमें शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को अपनी समस्याएं और मांगें सामने रखने का अवसर देने का संदेश दिया गया है।

पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था कार्यक्रम
राहुल गांधी का इंदौर दौरा पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था। पहले कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम का नाम सामने आया था। अब जारी पोस्टर में 19 सितंबर को भारत जोड़ो मैदान में कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। पोस्टर में राहुल गांधी के शामिल होने की अपील के साथ रजिस्ट्रेशन के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया गया है।
एजुकेशन हब होने की वजह से इंदौर को चुना
एजुकेशन के लिहाज से इंदौर प्रदेश का सबसे बड़ा केंद्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने के लिए इंदौर को चुना। कांग्रेस अब इस अभियान को संगठन के स्तर पर कॉलेज, विवि, शहर, कस्बे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेंटरों तक ले जाने की तैयारी में है। इसके जरिए युवाओं से जुड़े स्थानीय मुद्दों को सामने लाने और उन्हें व्यापक राजनीतिक मुद्दे में बदलने की कोशिश होगी।
