इंदौर में आदिवासी समाज ने निकाली विशाल रैली: पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए युवा; ट्रैफिक हुआ डायवर्ट

इंदौर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज विशाल रैली निकाल रहा है। सुबह 6 बजे लालबाग परिसर से शुरू हुए जुलूस में हजारों की संख्या में युवा शामिल हुए। रैली के जरिए आदिवासी संस्कृति, परंपरा और समाज की एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे युवा हाथों में झंडे और पारंपरिक वाद्ययंत्र लेकर रैली में शामिल हुए।
लालबाग से राजीव गांधी तक जाएगी रैली
रैली लालबाग से शुरू होकर कलेक्टोरेट चौराहा, पलसीकर चौराहा, सोनकर धर्मशाला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा और टावर चौराहा होते हुए आगे बढ़ रही है। फिलहाल जुलूस टावर चौराहे तक पहुंच चुका है। यहां से रैली भंवरकुआं चौराहा होते हुए राजीव गांधी चौराहे पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए युवा
रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। हाथों में झंडे और पारंपरिक वाद्ययंत्र लिए युवा उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए। रैली के दौरान आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिली।

रैली के चलते कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
रैली के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। यातायात पुलिस ने जरूरत के अनुसार डायवर्सन की व्यवस्था की है। कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात के दबाव के आधार पर व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।

जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्ट होगा
जरूरत के अनुसार राजीव गांधी चौराहा, आईटी पार्क चौराहा, चोइथराम चौराहा, महू नाका चौराहा, कलेक्टोरेट चौराहा, मोती तबेला चौराहा, बियाबानी चौराहा, हरसिद्धि चौराहा, कलाकुली मस्जिद और राऊजी बाजार क्षेत्र में यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
रैली के कारण लालबाग, कलेक्टोरेट, टावर और भंवरकुआं क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। यातायात पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को उड़ान के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले घर से निकलने की सलाह दी है।|

इन रास्तों का कर सकते है उपयोग
एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चालक चोइथराम चौराहा, चाणक्यपुरी चौराहा, अन्नपूर्णा चौराहा, महू नाका चौराहा, गंगवाल चौराहा, बड़ा गणपति चौराहा और वायरलेस चौराहा होते हुए एयरपोर्ट की ओर जा सकते हैं। पलासिया से विजय नगर, बापट चौराहा, लवकुश चौराहा और सुपर कॉरिडोर चौराहा होते हुए भी एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है।
केसरबाग ब्रिज के कारण पहले से ट्रैफिक दबाव
केसरबाग ब्रिज के निर्माण कार्य के कारण इस क्षेत्र में पहले से ही यातायात का दबाव बना हुआ है। पुलिस ने वाहन चालकों को चोइथराम और चाणक्यपुरी चौराहे की ओर जाने से बचने और रिंग रोड, फूटी कोठी, अन्नपूर्णा सहित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
राऊजी बाजार में भी यातायात प्रभावित
राऊजी बाजार थाना क्षेत्र में पाइपलाइन निर्माण कार्य के चलते भी यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इस क्षेत्र में जाने से बचने और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।