इंदौर में 21 लाख पौधारोपण अभियान: देवगुराड़िया की टेकरी पर लगेंगे 2 लाख तक पेड़, बोले कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर में एक बार फिर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण को लेकर बुधवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक मधु वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा, जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने एआईसीटीएसल ऑफिस में मीटिंग की गई। कई जनप्रतिनिधि और नगर निगम के आला अधिकारी, सामाजिक संगठनों के लोग इस मीटिंग में शामिल हुए थे । बता दें कि इस मीटिंग में महापौर सहित कई विधायक शामिल नहीं हुए।
पेड़ों को ज़िंदा रखेंगे , समाज को जोड़ेंगे
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कैसे हम 21 लाख पेड़ लगा सकते हैं। नगर निगम और सभी शासकीय ऑफिसों से सहयोग लेंगे। उन्होंने कहा कि हमने एनजीओ के साथ भी चर्चा की है और बाकि सामाजिक संगठन एवं समाज से जोड़ने की अनुरोध करेंगे। इस बार 21 लाख पेड़ लगाएंगे और सभी पेड़ जिंदा रहे, उसका हम पूरा ध्यान रखेंगे।
1 से 2 लाख पेड़ देवगुराड़िया के पास की टेकरी पर लगाए जाएंगे
विजयवर्गीय ने कहा अब देवगुराड़िया के पास स्थित एक टेकरी को हराभरा बनाया जाएगा। जिस तरह पिछली बार रेवती रेंज में पौधारोपण कर पितृ पर्वत विकसित किया गया था, उसी तरह अब यहां भी 1 से 2 लाख पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि 5 फीट से बड़े पौधे लगाए जाएं, ताकि उनके जीवित रहने की संभावना अधिक रहे। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर को वृक्षारोपण में देश का नंबर-1 शहर बनाना है।
मंत्री विजयवर्गीय वन विभाग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस बार वन विभाग ने पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। पिछली बार वन विभाग ने सहयोग से हाथ खींच लिया था, लेकिन इस बार विभाग के अधिकारी स्वयं बैठक में आए और पूर्ण सहयोग की बात कही।