भारतीय अंडर-20 महिला टीम ने स्वीडिश क्लब एन्स्केडे आईके डैम के साथ ड्रॉ खेला

भारतीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने बुधवार को स्वीडन के लिडिंगो स्थित बोसोन नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए अभ्यास मैच में स्वीडिश क्लब एन्स्केडे आईके डैम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला।
मुकाबले में भारत की ओर से सिबानी देवी नोंगमेइकापाम ने 44वें मिनट में गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि मैच के 88वें मिनट में एन्स्केडे ने बराबरी का गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया।
टीम के मुख्य कोच योआकिम अलेक्जेंडरसन ने पिछले मैच की तुलना में शुरुआती एकादश में आठ बदलाव किए। इससे पहले भारत अंडर-20 टीम ने टैबी एफके को 4-0 से हराया था, जबकि हामरबी आईएफ के खिलाफ 0-6 से हार का सामना करना पड़ा था।
यंग टाइग्रेस अब 28 फरवरी को स्वीडन के क्लब कार्लबर्ग्स बीके के खिलाफ एक और अभ्यास मैच खेलेगी। यह दौरा इस वर्ष थाईलैंड में होने वाले AFC अंडर-20 महिला एशियाई कप की तैयारियों का हिस्सा है।
भारतीय अंडर-20 महिला टीम का स्क्वॉड:
गोलकीपर: मोनालिशा देवी मोइरांगथेम
खिलाड़ी: निशिमा कुमारी (रेमी थोखचोम 60वें मिनट), थोइनबिसाना चानू तोइजाम, सिंडी रेमरुआतपुई कोलनी, शुभांगी सिंह, पूजा, अंजू चानू कायेन्पैबाम (भूमिका देवी खुमुकचाम 60वें मिनट), लिंगदेकिम, सुलंजना राउल, सिबानी देवी नोंगमेइकापाम (नेहा 60वें मिनट), बबीता कुमारी (दीपिका पाल 46वें मिनट, शिल्जी शाजी 88वें मिनट)






