भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 सीरीज 29 जनवरी से

भारत और इंग्लैंड के बीच ऐतिहासिक पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 अंतरराष्ट्रीय (टी20आई) सीरीज का आयोजन 29 जनवरी से 6 फरवरी तक किया जाएगा। यह सीरीज न केवल खेल की प्रतिस्पर्धा बल्कि समावेशी क्रिकेट की भावना को भी मजबूती प्रदान करेगी।
ग्रेटर नोएडा और जयपुर में होंगे मुकाबले
सीरीज के पहले तीन मुकाबले उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे, जबकि अंतिम दो मैच राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित किए जाएंगे।
मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट की खास पहचान
इस अनूठी सीरीज में शारीरिक दिव्यांगता, श्रवण बाधित (हियरिंग इम्पेयरमेंट) और बौद्धिक दिव्यांगता (इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी) से जुड़े खिलाड़ी एक ही टीम में और एक ही मैदान पर प्रतिस्पर्धा करते नजर आएंगे। यही विशेषता मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट को विश्व स्तर पर अलग पहचान दिलाती है।
भारतीय टीम की तैयारियां जोरों पर
भारतीय टीम की तैयारियां पूरे जोर पर हैं। 19 जनवरी से जयपुर में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो चुका है। टीम 25 जनवरी को ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना होगी। वहीं, इंग्लैंड पुरुष मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम के 23 जनवरी को भारत पहुंचने की उम्मीद है।
डीसीसीआई ने जताया भरोसा
डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) के महासचिव रवि कांत चौहान ने कहा कि भारत में इंग्लैंड की मेजबानी यह दर्शाती है कि मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट को वैश्विक पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि यह दौरा देशभर के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा देगा और आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) भी इस पहल का समर्थन कर रहा है।
ईसीबी ने सीरीज को बताया ऐतिहासिक कदम
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के हेड ऑफ डिसेबिलिटी क्रिकेट इयान मार्टिन ने कहा कि यह सीरीज अंतरराष्ट्रीय डिसेबिलिटी क्रिकेट कैलेंडर में मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि भारत और इंग्लैंड इस प्रारूप में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं और आने वाले समय में अन्य देश भी इससे जुड़ेंगे। दर्शकों को उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिलेगा और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का वैश्विक मंच मिलेगा।
समावेशी क्रिकेट के लिए प्रतिबद्ध डीसीसीआई
डीसीसीआई के उपाध्यक्ष सुमित जैन और संयुक्त सचिव अभय प्रताप सिंह ने भी समावेशी क्रिकेट को बढ़ावा देने और भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पिछली सीरीज में इंग्लैंड को मिली थी बढ़त
गौरतलब है कि 2025 में इंग्लैंड में आयोजित पहली मिक्स्ड डिसेबिलिटी अंतरराष्ट्रीय सीरीज में इंग्लैंड ने भारत को 6–1 से हराया था। कप्तान कैलम फ्लिन के नेतृत्व में इंग्लैंड ने अनुभव और युवा प्रतिभा के संतुलन वाली मजबूत टीम की घोषणा की है।






