|

भारत ने पाकिस्तान पर गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियों का लगाया आरोप, विदेश मंत्रालय ने जताई गंभीर चिंता

नई दिल्ली, 7 नवम्बर 2025 — भारत ने पाकिस्तान पर गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसी गतिविधियां पाकिस्तान के ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा रही हैं, जो दशकों से तस्करी, निर्यात नियंत्रण उल्लंघन, गुप्त साझेदारियों और परमाणु प्रसार पर केंद्रित रही हैं।

नई दिल्ली में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने इन पहलुओं पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान बार-बार आकर्षित किया है, ताकि इस वैश्विक सुरक्षा चिंता पर प्रभावी कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि भारत ने इस संदर्भ में पाकिस्तान के हालिया परमाणु परीक्षण पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टिप्पणी का भी संज्ञान लिया है।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में प्रवक्ता ने सेवानिवृत्त मेजर विक्रांत जेटली से संबंधित मामले पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अबूधाबी में भारतीय दूतावास के अधिकारियों को नियमित कांसुलर पहुंच प्राप्त है, और वे अब तक चार बार मुलाकात कर चुके हैं

रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारतीय दूतावास, हिरासत में लिए गए मेजर जेटली को हर संभव कांसुलर सहायता प्रदान कर रहा है, और उनके परिवार तथा पत्नी से निरंतर संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार भारत सरकार इस मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

भारत के इस बयान को दक्षिण एशिया में परमाणु सुरक्षा और पारदर्शिता के बढ़ते महत्व के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts