हरिद्वार में 152 खोए मोबाइल बरामद, 36 लाख से अधिक की रिकवरी

हरिद्वार में पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और सक्रियता का परिचय देते हुए ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुल 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 36 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में सिडकुल थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और समन्वित प्रयासों के जरिए उन मोबाइल फोन को ट्रेस किया, जिन्हें उनके मालिक खोने के बाद लगभग भूल चुके थे।
खोए मोबाइल की खोज में CEIR पोर्टल एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ। पुलिस ने इस पोर्टल की मदद से देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल स्थापित किया और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें सफलतापूर्वक बरामद किया।
बरामद मोबाइल में कुछ फोन सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में काम करने वाले बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के थे, जबकि कई फोन स्थानीय लोगों के भी थे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिला, बल्कि पुलिस व्यवस्था पर उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई लावारिस मोबाइल मिले तो उसे तुरंत नजदीकी थाने में जमा कराएं और मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।






