ग्वालियर में आज रोजगार मेला: 24 कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर, 10 से 45 हजार तक वेतन

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप युवा संगम का आयोजन किया जा रहा है। यह एक दिवसीय मेला सुबह 11 बजे से गदाईपुरा रेडीमेड गारमेंट पार्क स्थित जिला रोजगार कार्यालय में आयोजित होगा।
इस मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया के अनुसार, इस आयोजन में निजी क्षेत्र की करीब 24 कंपनियां युवाओं की भर्ती के लिए हिस्सा ले रही हैं।
भर्ती करने वाली प्रमुख कंपनियों में Paytm, Airtel, HDFC Bank, Vivo सहित कई अन्य कंपनियां शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, मशीन ऑपरेटर, ट्रेनी, सेल्स एग्जीक्यूटिव, रिलेशनशिप मैनेजर, टेली कॉलर, सुपरवाइजर, ऑफिस असिस्टेंट, ड्राइवर और आईटीआई/डिप्लोमा धारकों के लिए विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
इस रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 10,000 रुपये से लेकर 45,000 रुपये तक का मासिक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए युवाओं को समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन क्रमांक, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार और कौशल विकास को भी बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।






