गुवाहाटी: AI से अश्लील वीडियो बनाने और वायरल करने के आरोप में साइबर अपराधी गिरफ्तार

गुवाहाटी में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां क्राइम ब्रांच के साइबर सेल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर अश्लील वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान माधव बर्मन, निवासी बिरुबारी (गुवाहाटी) के रूप में हुई है। उसे मीडिया संगठन प्राग न्यूज चैनल के स्वत्वाधिकारी संजीव नारायण द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एआई टूल्स की मदद से संजीव नारायण और मर्मिता मित्रा के नाम से आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया और उसे एक फेसबुक पेज पर अपलोड कर वायरल कर दिया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
शिकायत दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद माधव बर्मन को पानबाजार स्थित क्राइम ब्रांच थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या आरोपी ने किसी संगठित नेटवर्क के साथ मिलकर यह अपराध किया है। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध और AI के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।






