| | |

गुजरात से नागपुर जा रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर: कई मजदूर उछलकर सड़क पर गिरे; 5 गंभीर

धार। गुजरात से नागपुर जा रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में बैठे कई मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे। पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें उपचार के बाद धार जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसा सोमवार रात 12:30 बजे आतेड़ी फाटा और खाखेड़ी फाटा के बीच हुआ। गुजरात निवासी मजदूर रोजगार की तलाश में ट्रैक्टर-ट्रॉली से महाराष्ट्र के नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही अमझेरा से डायल 112 के सैनिक रतन भाभर और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया
पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को डायल 112  से अमझेरा अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों को धार जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, जिन मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं, उनका अमझेरा अस्पताल में उपचार जारी है।

ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद अमझेरा थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। मामले में अपराध दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही एफआरवी सहित पुलिस मोबाइल मौके पर पहुंच गई थी।

ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल समीप के अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच मजदूरों को धार के शासकीय अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विवेचना जारी है।

Share