GST 2.0: नई दरें आज से प्रभावी, रसोई के सामान, दवा समेत वाहन हुए सस्ते

देश में आज से जीएसटी की नई दरें लागू हो गई हैं। इसके साथ ही सुबह 6 बजे से जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। अब जीएसटी केवल दो स्लैब — 5% और 18% — में सिमट गया है। नई दरों से खाद्य वस्तुओं समेत रोजमर्रा के सामान सस्ते हो गए हैं। मध्यम वर्ग के लिए टीवी, एसी, दोपहिया, कार, कपड़े, जूते और दवाइयाँ पहले की तुलना में सस्ते दामों पर मिलेंगे। किसानों और कारोबारियों को भी राहत मिलेगी। खाद और कृषि उपकरणों पर टैक्स घटने से खेती और उत्पादन लागत में कमी आएगी। छोटे उद्योगों की निर्माण लागत भी कम होगी। अनुमान है कि नवरात्र से दिसंबर तक बिक्री में 20% तक की वृद्धि होगी, जिससे खुदरा कारोबारियों को फायदा होगा। वहीं, जीवन बीमा उत्पादों, शिक्षा से जुड़ी सामग्रियों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि यह बदलाव आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सभी से स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील भी की।
📸 फोटो: प्रतीकात्मक तस्वीर






