गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन अनुष्ठान: मुख्यमंत्री योगी ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे

वासंतिक (चैत्र) नवरात्र की नवमी तिथि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरागत कन्या पूजन अनुष्ठान संपन्न किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधिपूर्वक पूजन किया, चुनरी ओढाई, आरती उतारी और उन्हें ताजा भोजन प्रसाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुंवारी कन्याओं के माथे पर रोली, चंदन और अक्षत का तिलक लगाया, दुर्वा से अभिषेक किया और माला पहनाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने सभी कुंवारी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और उन्हें चुनरी, उपहार व दक्षिणा प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं यह सुनिश्चित किया कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन की कमी न रहे।
कन्या पूजन अनुष्ठान में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ सहित कई संत और मंदिर प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे। पूजन से पूर्व प्रातःकाल मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधिपूर्वक आराधना भी की गई। इस आयोजन ने मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और परंपरा के सम्मान को प्रदर्शित किया।






