प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दी हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाराणसी रेलवे स्टेशन से उन्होंने बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को स्वयं रवाना किया, जबकि लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली, और एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्ग की वंदे भारत ट्रेनों को वर्चुअल माध्यम से रवाना किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनें देश की संपर्क व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं। उन्होंने बताया कि ये नई रेलगाड़ियाँ यात्रा समय घटाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और आर्थिक गतिविधियों को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी और वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट तथा खजुराहो जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी।
लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे लगभग 1 घंटे की बचत होगी। यह मार्ग लखनऊ, बरेली, बिजनौर और सहारनपुर जैसे शहरों के यात्रियों को तेज़ सुविधा देगा तथा हरिद्वार की पहुँच में सुधार करेगा।
फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में दूरी तय करेगी, जिससे यह मार्ग की सबसे तेज़ ट्रेन बन जाएगी। यह ट्रेन राष्ट्रीय राजधानी को पंजाब के प्रमुख शहरों फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी कल शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे थे, जहाँ नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।






