फिरोजाबाद DM ने कलेक्ट्रेट में चलाया स्वच्छता अभियान, खुद की सफाई और लगाए पौधे

फिरोजाबाद में स्वच्छता अभियान, DM ने खुद उठाया झाड़ू और लगाए पौधे
Firozabad में स्वच्छता को जनअभियान बनाने की दिशा में जिलाधिकारी Santosh Kumar Sharma ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया। उन्होंने स्वयं सफाई कर श्रमदान किया और परिसर में पौधारोपण भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिर्फ सफाई करना इस अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि स्वच्छता को स्थायी बनाना असली चुनौती है। इसी सोच के साथ अब जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
दो घंटे का अनिवार्य श्रमदान
नई कार्ययोजना के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी स्वेच्छा से अनिवार्य दो घंटे का श्रमदान करेंगे। अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
DM ने बताया कि पिछले 15 दिनों में जिन स्थानों पर सफाई कराई गई थी, वहां दोबारा गंदगी न फैले, इसके लिए फूलों के पौधे लगाए गए हैं। साथ ही नए गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर तेजी से सफाई कराई जा रही है।
बुनियादी सुविधाओं की भी होगी समीक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान केवल दिखाई देने वाली गंदगी हटाने तक सीमित नहीं रहेगा। कलेक्ट्रेट परिसर और अन्य सरकारी भवनों में बुनियादी सुविधाओं, रखरखाव और तकनीकी खामियों की भी समीक्षा की जा रही है। जहां भी कमियां मिल रही हैं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमृत सरोवर का भी किया निरीक्षण
स्वच्छता अभियान के बाद जिलाधिकारी ने जनपद के अमृत सरोवर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इसे अधिक सुव्यवस्थित, सुंदर और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि इन्हें स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।






