एक पल का चूक बन सकती था हादसा: RPF ने वृद्धा को चलती ट्रेन के नीचे गिरने से बचाया; CCTV में कैद हुआ हादसा

उज्जैन। महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते रविवार को रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का जमावड़ा रहा। इसी दौरान एक वृद्ध महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और कोच के बीच गिरने लगी। मौके पर मौजूद RPF जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान 68 वर्षीय कमला सैनी का पैर फिसल गया। मथुरा निवासी वृद्धा प्लेटफॉर्म और कोच के बीच बने गैप में गिरकर ट्रेन के साथ घिसटने लगी। स्थिति बेहद गंभीर थी।
RPF जवानों ने दौड़कर बचाई जान
महिला को ट्रेन के साथ घिसटता देख ड्यूटी पर तैनात RPF के सहायक उपनिरीक्षक शिवसिंह बघेल और QRT के जवान मोहन व शिवराम तुरंत दौड़े। जवानों ने महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
परिवार से बिछड़ने के कारण घबराई थी महिला
बताया गया कि परिवार से बिछड़ने के कारण वृद्धा घबराहट में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। बाद में उसका पुत्र राजकुमार स्टेशन पहुंचा। RPF ने महिला को सुरक्षित उसके बेटे के सुपुर्द कर दिया।
CCTV में रिकॉर्ड हुआ पूरा घटनाक्रम
वृद्धा को बचाने का पूरा घटनाक्रम रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना में RPF जवानों की तत्परता से महिला की जान बच गई।