|

ईडी ने रियल एस्टेट धोखाधड़ी केस में लालू परिवार के करीबी अमित कात्याल को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल एस्टेट धोखाधड़ी से जुड़े एक बड़े मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार के कथित करीबी सहयोगी और रियल एस्टेट कारोबारी अमित कात्याल को गिरफ्तार किया है। यह मामला गुरुग्राम में घर खरीदारों के साथ हुई कथित धोखाधड़ी और इसके जरिए की गई धन शोधन गतिविधियों से जुड़ा हुआ है।

ईडी के अनुसार, कात्याल की गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। आरोप है कि उनकी कंपनी एंगल इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही क्रिश फ्लोरेंस एस्टेट परियोजना में फ्लैटों की डिलीवरी समय पर न करने और खरीदारों को कथित रूप से धोखा देने का मामला सामने आया था। यह पूरी परियोजना गुरुग्राम के सेक्टर 70 में 14 एकड़ से अधिक भूमि पर फैली हुई है।

जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि परियोजना में निवेश करने वाले कई खरीदारों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी ने लाखों रुपये वसूलने के बावजूद लंबे समय तक फ्लैटों की डिलीवरी नहीं की। इसके बाद ईडी ने धन शोधन के पहलुओं की जांच शुरू की और इससे जुड़े दस्तावेजों की जांच में कई अनियमितताएँ सामने आईं, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के बाद अमित कात्याल को गुरुग्राम की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें छह दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। ईडी अब उनके वित्तीय लेन-देन, परियोजना में लगाए गए धन और संभावित राजनीतिक कनेक्शन की भी जांच कर रही है। इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share

Similar Posts