दक्षिण अफ्रीका के डरबन में भीषण सड़क हादसा, एक बच्चे समेत 11 लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक बच्चे समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में हुई, जहां एक ट्रक और मिनी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी प्राथमिक उपचार केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय मीडिया संस्था The South African की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें मिनी बस का चालक भी शामिल है। राहतकर्मियों को बस में फंसे यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं Sky News के अनुसार, स्थानीय परिवहन विभाग के अधिकारी सिबोनिसो डूमा ने हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है, जिससे यह हादसा और भी दर्दनाक हो गया है।

उल्लेखनीय है कि यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब एक सप्ताह पहले ही जोहान्सबर्ग में हुए एक अन्य सड़क हादसे में 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने दक्षिण अफ्रीका में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन की अपील की है

Share

Similar Posts