दुबई-अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर शुरू, यूएई में फंसे यात्रियों को बड़ी राहत

संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हजारों भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कल रात से दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। कई दिनों के व्यवधान के बाद दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीमित सेवाएं बहाल की गईं, जिससे यात्रियों को अपने घर लौटने का अवसर मिला है।
Dubai Media Office ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी कि दुबई हवाई अड्डों ने सीमित उड़ानों की बहाली की पुष्टि की है। इनमें Dubai International Airport (DXB) और Al Maktoum International Airport (DWC) से कुछ चुनिंदा उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई है।
अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे तब तक DXB या DWC के लिए रवाना न हों, जब तक संबंधित एयरलाइन उन्हें प्रस्थान का निश्चित समय न बता दे। एयरलाइंस और हवाई अड्डा प्रशासन स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण हवाई क्षेत्र प्रभावित हुआ था, जिससे हजारों भारतीय यात्री यूएई में फंस गए थे। उड़ानों की आंशिक बहाली से अब चरणबद्ध तरीके से सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।






