|

विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मनगवां पहुंचे डॉ. पंचूलाल, जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मनगवां विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र भ्रमण के दौरान वे ग्राम पंचायत मदरी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

पेयजल संकट, बिजली और सड़क का जायज़ा लिया

इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष गौरव शुक्ला ने पंचायत क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मदरी में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही राजू केवट के घर के समीप लगा बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए डॉ. पंचूलाल प्रजापति ने मौके से ही संबंधित विभाग के डिवीजनल इंजीनियर से दूरभाष पर चर्चा की और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।



जनप्रतिनिधियों का शाल और श्रीफल से हुआ सम्मान

दौरे के दौरान डॉ. प्रजापति ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुनील पांडे, सत्येंद्र सिंह, गुड्डा सिंह, राकेश शुक्ला, रामचरित नामदेव, श्रवण मिश्रा, नवीन शुक्ला, अवधेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अध्यक्ष को अवगत कराया और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। डॉ. प्रजापति ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।

Share

Similar Posts