डोडा हादसे में यमुनानगर का जवान भी हुआ शहीद

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को भारतीय सेना के वाहन के साथ हुए भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के यमुनानगर जिले का एक जवान भी शहीद हो गया। इस हादसे में छछरौली ब्लॉक के गांव शेरपुर निवासी 26 वर्षीय जवान सुधीर नरवाल ने देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
शहीद सुधीर नरवाल के बलिदान की सूचना गुरुवार देर शाम उनके परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद गांव शेरपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों की आंखें नम हैं और हर कोई वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
परिजनों ने बताया कि शहीद सुधीर के पिता का कुछ समय पूर्व ही निधन हो चुका था। पिता के निधन के बाद सुधीर ही पूरे परिवार का सहारा बने हुए थे। ऐसे में जवान बेटे की शहादत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग शहीद परिवार के साथ संवेदना प्रकट कर रहे हैं।
शहीद के चचेरे भाई सुशील कुमार ने बताया कि सुधीर आखिरी बार दिवाली के अवसर पर छुट्टी लेकर घर आए थे। इसके बाद 20 नवंबर को वह ड्यूटी पर लौट गए थे। परिवार में 20 फरवरी को सुधीर की बुआ की पोती की शादी तय थी, जिसमें शामिल होने के लिए सुधीर ने पूरी योजना बना रखी थी।
सुशील कुमार ने बताया कि सुधीर ने परिवार से कहा था कि वह 26 जनवरी के बाद घर जरूर आएंगे और शादी की तैयारियां शुरू रखने को कहा था। बुधवार को ही उन्होंने अपनी मां उर्मिला देवी, पत्नी रूबी और बेटे अयांश से फोन पर बात की थी। फोन पर वे बेहद खुश नजर आ रहे थे और जल्द घर आने की बात कह रहे थे। लेकिन गुरुवार को डोडा में हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।






