| |

दो गोल्ड मेडल जीतकर पीथमपुर लौटे कमल पाल; शहरवासियों ने किया भव्य स्वागत; नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बधाई दी

पीथमपुर। जयनगर कॉलोनी के 52 वर्षीय कमल किशोर पाल ने किर्गिस्तान में आयोजित ‘वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीते।
कमल किशोर ने इनक्लाइन बेंच प्रेस और हैक लिफ्ट स्ट्रेंथलिफ्टिंग दोनों ही मुकाबलों में प्रथम स्थान हासिल कर देश और शहर का नाम रोशन किया है।
घर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत 
दो स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर शहरवासियों ने कमल किशोर पाल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान नागरिकों और गणमान्य लोगों ने एक विशाल जुलूस निकाला, जिसमें ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह से ऊर्जावान बना दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भी शामिल हुए 
इस भव्य रैली में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश पटेल सहित क्षेत्र के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे गुडलक चौराहा, सी.सी. पावर चौराहा, आजाद चौराहा और छत्रछाया से होते हुए जयनगर और कंचन श्री गार्डन पर समाप्त हुई।
मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया
जयनगर कॉलोनी स्थित उनके निवास तक निकाले गए इस जुलूस के दौरान नागरिकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाइयां बांटकर इस बड़ी सफलता का जश्न मनाया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश पटेल ने कहा कि कमल किशोर ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से पूरे शहर का मस्तक ऊंचा किया है और उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है।
खिलाड़ियों की मदद कर उन्हे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें 
मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कमल किशोर पाल ने कहा कि यदि वह 52 वर्ष की उम्र में यह मुकाम हासिल कर सकते हैं, तो पीथमपुर और महू में और भी कई हुनरमंद लोग छिपे हैं। उन्होंने समाज से विशेष अपील की कि जिन खिलाड़ियों को संसाधनों और सुविधाओं की कमी के कारण आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता, समाज को उनकी खुलकर मदद करनी चाहिए।
अगले साल फिर वर्ल्ड चैंपियनशिप में जाएंगे 
अपनी इस सफलता के बाद कमल किशोर ने अपने आगामी लक्ष्यों के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनका अगला बड़ा मुकाबला वर्ष 2027 में मलेशिया में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप है, जहां वे एक बार फिर देश के लिए दो गोल्ड मेडल जीतने के दृढ़ संकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे।
Share