| |

धार के राजगढ़ में बाइक धक्का देकर ले जा रहे थे चोर: पुलिस ने पकड़ा: 3 बाइक जब्त

धार। राजगढ़ के नया बस स्टैंड क्षेत्र से चोरी हुई तीन मोटरसाइकिलों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपए बताई है। पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को नया बस स्टैंड स्थित श्रीमाया होटल के सामने से अलग-अलग समय पर तीन मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी।

शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।

दो बाइक धक्का देकर ले जाते पकड़े गए
पुलिस टीम ने सोसाइटी मैदान, राजगढ़ के पास दो संदिग्धों को चोरी की दो मोटरसाइकिलें धक्का देकर ले जाते हुए पकड़ लिया। इनमें दिनेश पिता डूंगर सिंह तड़वला, निवासी ग्राम फरटेडी, थाना राणापुर, जिला झाबुआ और एक बाल अपचारी शामिल था। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को मौके से जब्त कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर तीसरी बाइक मिली
पूछताछ में आरोपी दिनेश ने राजगढ़ के नया बस स्टैंड से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई। उसने पुलिस को बताया कि चोरी की बाइक मोहनखेड़ा हेलीपैड के पास छिपाकर रखी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

2.25 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में एक बजाज मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 95 हजार रुपए, एक हीरो होंडा डीलक्स की कीमत करीब 60 हजार रुपए और दूसरी हीरो होंडा डीलक्स की कीमत करीब 70 हजार रुपए है। तीनों वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपए है।

आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

CCTV और मुखबिर तंत्र से मिली मदद
कार्रवाई एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन और एएसपी पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी समीर पाटीदार की टीम ने की। कार्रवाई में उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, नरेश कोटे, सहायक उप निरीक्षक सैयद अहमद, रईस पठान, आरक्षक जयेंद्र जादौन, दिलीप डुडवे और सैनिक जगदीश कच्छावा की भूमिका रही।

Share