| |

धार में पुरानी रंजिश में गोलीबारी: राजगढ़ पुलिस ने 12 घंटे में 3 आरोपियों को पकड़ा; पिस्टल-बुलेट जब्त, 2 फरार

धार। ग्राम नयापुरा पीपरनी के पास शुक्रवार को पुरानी रंजिश में युवक को गोली मारने का मामला सामने आया था। राजगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में 12 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल जब्त की है। एक खाली कारतूस भी मिला है। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुरानी रंजिश में युवक पर किया फायर
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को चौकी तिरला क्षेत्र के ग्राम नयापुरा पीपरनी में घटना हुई थी। आरोपी अर्पित राठौड़ और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर भूपेंद्र राठौर पर हमला किया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में कार्रवाई शुरू हुई। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया।

12 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू की। टीम ने अलग-अलग जगह दबिश दी। पुलिस ने अर्पित पिता अशोक राठौड़ निवासी राजगढ़ को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शुभम पिता कालूराम पाटीदार निवासी फूलगावड़ी और महेश पिता जादूसिंह यादव निवासी छड़ावद को भी पकड़ा गया।

सरदारपुर SDOP विश्वदीप सिंह परिहार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों में हिम्मत पिता लक्ष्मण सेप्टा निवासी ग्राम अमोदिया और पिंटू पिता आनंदीलाल पाटीदार निवासी ग्राम छड़ावद शामिल हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पिस्टल, कारतूस और बुलेट जब्त
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल जब्त की गई है। एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट से आरोपी अर्पित राठौड़ की रिमांड ली गई है। कार्रवाई में राजगढ़ थाना और तिरला चौकी की पुलिस टीम के साथ राजोद थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की भी भूमिका रही।

घायल भूपेंद्र का इंदौर में इलाज जारी
गोली लगने से घायल भूपेंद्र राठौर का इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया कि गोली पेट में फंस गई थी। डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान पेट में फंसी गोली निकाल दी गई। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।

Share