धार में विकास समिति की बैठक: मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा- अधिकारी करें हॉस्टल का निरीक्षण; विकास काम जमीन पर दिखें

धार। जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरातल पर दिखना चाहिए विकास
बैठक के दौरान मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रेलवे, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास और जनजातीय कार्य विभाग के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली गई। सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों के अंतिम छोर तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सकारात्मक असर धरातल पर दिखना चाहिए।
हॉस्टल की स्थिति सुधारने के कड़े निर्देश
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान हॉस्टल की मौजूदा स्थिति पर केंद्रीय मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बालक-बालिकाओं के हॉस्टल की व्यवस्थाओं में जल्द ही सुधार किया जाए। जनजातीय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में कोताही किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी। संबंधित अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर हॉस्टल का निरीक्षण करें और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता
MPRDC और अन्य निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मैदानी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की खुद निगरानी करें। जनता के धन से होने वाले हर निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर सीधे तौर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस अवसर पर विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।