धार में चांदी लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार: चौथा फरार; बेटे के साथ लौट रहे व्यक्ति को बनाया था निशाना

धार। बाग-टांडा रोड पर आगर घाटी मोड़ के पास 1 मई 2026 को हुई लूट की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की तागली, वारदात में इस्तेमाल बाइक और फालिया जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
बेटे के साथ बाइक से लौट रहे थे, रास्ते में रोका
घटना 1 मई की है। ढीलवानी स्कूलपुरा निवासी भंगु पिता जामसिंह पचाहा अपने बेटे के साथ रिंगनोद से गिरवी रखी चांदी छुड़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह 10:30 बजे आगर घाटी मोड़ के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली।
आरोपियों ने फालिया दिखाकर फरियादी के हाथ से लाल रंग की थैली छीन ली। थैली में चांदी की दो तागली रखी थीं। फरियादी के जमाई भेरु ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसे भी फालिया दिखाकर धमकाया और मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर बाग थाने में लूट का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

दूसरे अपराध में पकड़े आरोपियों से खुला राज
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हिरु सिंह रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसी दौरान अमझेरा थाने के एक अन्य अपराध में गिरफ्तार समीर निवासी कुडूझेता और संजय निवासी नाहवेल से पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने बाग-टांडा रोड पर हुई लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश शुरू की।
अलीराजपुर जेल में बंद आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस
जांच में सामने आया कि तीसरा आरोपी महेंद्र निवासी नाहवेल अलीराजपुर जेल में बंद है। बाग पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महेंद्र ने भी वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की तागली, वारदात में इस्तेमाल बाइक और फालिया जब्त किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं मामले में फरार चौथे आरोपी की तलाश जारी है।