| |

मकोड़िया स्टॉप डैम में भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा हमला, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट से मांगा इस्तीफा

देवास/हाटपिपलिया: जिला देवास के ग्राम मकोड़िया में क्षिप्रा नदी पर बने स्टॉप डैम के पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है।पूर्व लोक निर्माण मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ मकोड़िया पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।

मकोड़िया में मीडिया और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि क्षिप्रा नदी पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के नेतृत्व में करीब 10 से 11 स्टॉप डैम बनाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अकेले मकोड़िया में साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से बना यह स्टॉप डैम पहली ही बारिश को भी बर्दाश्त नहीं कर सका। सज्जन सिंह वर्मा ने इसे भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि सारे के सारे निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुके हैं।

सज्जन सिंह वर्मा ने जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट को आड़े हाथों लेते हुए कहा

यह बेहद शर्मनाक है कि जो व्यक्ति जनता के सहयोग से विधायक और फिर इस प्रदेश का जल संसाधन (सिंचाई) मंत्री बना, उसी के विभाग में ‘चिराग तले अंधेरा’ वाली स्थिति है। धार के ‘कारम डैम’ हादसे की तरह ही यहाँ भी करोड़ों-अरबों रुपये का भ्रष्टाचार साफ दिखाई दे रहा है। नैतिक आधार पर तुलसी सिलावट को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जल संसाधन विभाग और मंत्री की काली करतूतों का पूरा पुलिंदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आरएसएस (RSS) के शीर्ष नेतृत्व के पास दिल्ली पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यदि आगामी दिनों में मंत्रिमंडल का पुनर्गठन (Reshuffle) होता है, तो भ्रष्टाचार के इन आरोपों के चलते तुलसी सिलावट की छुट्टी होना तय है।

सज्जन सिंह वर्मा ने हाटपिपल्या और सांवेर विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपनी अस्मिता और क्षेत्र के असली विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ तुलसी सिलावट हैं और दूसरी तरफ मनोज चौधरी, दोनों ही भ्रष्टाचार के मामले में लिप्त हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे देश को स्वतंत्रता दिलाने वाले और सच्चे विकास की सोच रखने वाले राजनीतिक दल का साथ दें।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, किसान कांग्रेस अध्यक्ष विश्वजीत, ब्लॉक अध्यक्ष और किसान नेता हंसराज सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share