|

दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन विश्वास’: 532 खोए और चोरी हुए मोबाइल असली मालिकों को लौटाए

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की पूर्वी रेंज ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत जनता का भरोसा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में 532 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और कई लोगों ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना की।

यह कार्यक्रम महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने खोए मोबाइल वापस लेने पहुंचे। कार्यक्रम में स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल, शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा, एसीपी, एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।

साइबर ठगी और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान

कार्यक्रम की शुरुआत साइबर जागरूकता और ड्रग अवेयरनेस सत्र से हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाएं, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए।

साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और अपील की गई कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

जनता और पुलिस के बीच भरोसा बढ़ाने की पहल

पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ‘ऑपरेशन विश्वास’ जनहित, पारदर्शी पुलिसिंग और तकनीक आधारित जांच के प्रति दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खोई और चोरी हुई संपत्ति को उसके असली मालिक तक पहुंचाना पुलिस की सेवा भावना को दर्शाता है।

कार्यक्रम के दौरान स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इस दौरान कई लोगों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए दिल्ली पुलिस की तत्परता और नागरिक-अनुकूल कार्यशैली की प्रशंसा की।

पुलिस टीमों को किया गया सम्मानित

‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत मोबाइल फोन बरामद करने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्वी, शाहदरा और उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस अधिकारियों और टीमों को सम्मानित भी किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी मेहनत, समर्पण और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की।

Share

Similar Posts