दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ा प्रदूषण, धुंध की मोटी परत से AQI ‘बेहद खराब’ स्तर पर

पिछले कुछ दिनों की वर्षा के बाद दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत जरूर मिली थी, लेकिन शनिवार को एक बार फिर धुंध की मोटी परत छाने से वायु गुणवत्ता बिगड़ गई। राजधानी दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर फिर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण ब्यूरो (CPCB) के अनुसार शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 315 दर्ज किया गया। वहीं नोएडा 324, ग्रेटर नोएडा 328, गाजियाबाद 313 और गुरुग्राम का AQI 300 रिकॉर्ड किया गया, जो सभी बेहद खराब स्थिति को दर्शाते हैं।

राजधानी के प्रमुख इलाकों की बात करें तो दोपहर 3 बजे तक वजीरपुर का AQI 365, आनंद विहार 351, सिरी फोर्ट 356, आईटीओ 313, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम 347 और चांदनी चौक 305 दर्ज किया गया। ये सभी क्षेत्र ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहे। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग (296), आईआईटी दिल्ली (283), नजफगढ़ (274) और आईजीआई एयरपोर्ट (267) ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किए गए।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से बादल छाए रहे और हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 1 फरवरी को भी आसमान में बादल रहेंगे और सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 1 से 3 फरवरी के बीच उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। इससे अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में न्यूनतम तापमान 0-5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तराखंड, झारखंड, सिक्किम, असम-मेघालय और मणिपुर में यह 5-10 डिग्री के बीच रहा। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट (पंजाब) में दर्ज किया गया।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने, मास्क के उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Share

Similar Posts