दिल्ली से ग्रैप-3 की पाबंदियां हटीं, AQI सुधरकर 322 पहुंचा

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 322 रिकॉर्ड किया गया, जिसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रैप-3 (GRAP-III) की पाबंदियों को हटाने का निर्णय लिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। हालांकि, ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के तहत लागू प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेंगे।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने जारी आदेश में कहा कि पिछले कुछ दिनों के प्रदूषण आंकड़ों की समीक्षा के बाद यह पाया गया कि AQI स्तर 400 से नीचे आ गया है, जो पहले की तुलना में बेहतर स्थिति दर्शाता है। मौसम विभाग ने भी आगामी दो-तीन दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे वायु गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद है।

ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से बंद पड़े निर्माण कार्यों को दोबारा शुरू करने की अनुमति मिल गई है। इसके साथ ही ईंट भट्ठों, स्टोन क्रशर और अन्य औद्योगिक गतिविधियों को भी राहत मिली है, जिससे बड़ी संख्या में मजदूरों और व्यापारियों को लाभ होगा।

आदेश के अनुसार, दिल्ली में पंजीकृत बीएस-IV या उससे कम मानक वाले डीजल से चलने वाले मालवाहक वाहनों को भी राजधानी में प्रवेश की अनुमति मिल गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाएगी और यदि स्थिति दोबारा बिगड़ती है तो आवश्यक पाबंदियां फिर से लागू की जा सकती हैं।

Share

Similar Posts